नौगांव (उत्तरकाशी)। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुक्रवार को तीन दिवसीय रवाईं लोक महोत्सव का आगाज हुआ। सामाजिक एवं पर्यावरणीय कल्याण समिति की ओर से शिव मंदिर खेल मैदान में आयोजित महोत्सव का शुभारंभ नौगांव के नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष शशिमोहन राणा ने किया। मेले के दौरान रवाईं घाटी की समृद्ध संस्कृति एवं लोक परंपराओं की झलक देखने को मिली।
महोत्सव का शुभारंभ पर नगर पालिका बड़कोट की नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनुपमा रावत ने कहा कि स्थानीय कलाकारों को मंच मुहैया कराना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने क्षेत्र के ग्रामीणों और विशेषकर महिलाओं से रवाईं की पारंपरिक वेशभूषा में महोत्सव में शामिल होने की अपील की। उद्घाटन मौके पर क्षेत्र के धवंतरी पब्लिक स्कूल, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यायल, बाल विद्या मंदिर, यमुना वैली पब्लिक स्कूल एवं विजय पब्लिक दिव्यांग विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष शशिमोहन रावत, नौगांव की ब्लाक प्रमुख रचना बहुगुणा, भाजपा की नगर अध्यक्ष मीना रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश असवाल, सुखदेव रावत, गजेंद्र नौटियाल, अशोक अग्रवाल, श्याम लाल, सीमा परमार, नगीना देवी, चमनी रावत, सकलचंद रावत, जगेंद्र राणा, विजय बधानी आदि मौजूद रहे।
रवाईं रसोई बनी आकर्षण का केंद्र
रवाईं लोक महोत्सव के दौरान ‘रवाईं रसोई’ आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसमें स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार किए गए सीडे, डिंडके, पकोड़े, तिल की चटनी, झंगोरे की खीर, तिल कुचाईं, मंडुए की रोटी, मक्कन आदि लजीज पारंपरिक व्यंजन परोसे जा रहे हैं। इनका स्वाद लोगों को खूब भा रहा है। रसोई की अध्यक्ष जमना रावत ने बताया कि सामाजिक एवं पर्यावरणीय कल्याण समिति (सेवा) के सहयोग से लगाई गई रवाईं रसोई में महोत्सव के दौरान पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध रहेंगे।