उत्तरकाशी। जिला योजना समेत अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए डीएम डा. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में केंद्र सरकार की ध्वजवाहक योजनाओं में तेजी लाकर इन्हें दिसंबर तक पूरा करें।
बैठक में बताया गया कि अभी तक जिला योजना में 64 प्रतिशत बजट अवमुक्त हो चुका है। डीएम ने जिला योजना में स्वीकृत कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही लोकसभा चुनाव भी नजदीक आ गए हैं, ऐसे में केंद्र सरकार की योजनाओं को दिसंबर तक पूरा कराएं। जिन कार्यों की अभी तक निविदाएं नहीं हुई हैं, उनकी शीघ्र निविदा कराई जाए तथा जिन विभागों को अभी तक राज्य एवं केंद्र पोषित योजनाओं का बजट नहीं मिल पाया है वे विभागाध्यक्षों से पत्राचार कर शीघ्र धनराशि अवमुक्त कराएं। डीएम ने जिला कार्यक्रम एवं बाल विकास अधिकारी के बैठक में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताते हुए जवाब तलब किया। डीएम ने नमामि गंगे के तहत नाकुरी और डुंडा में बन रहे घाटों की निम्न गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए इसकी जांच के आदेश दिए। इस मौके पर सीडीओ प्रशांत आर्य, डीएफओ संदीप कुमार, सीएमओ डा.विनोद नौटियाल, सीईओ आरसी आर्य, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता वीके गुप्ता, ईई आरएस खत्री, सीवीओ डा.प्रलयंकर नाथ आदि तमाम अधिकारी मौजूद रहे।