उत्तरकाशी। नगर पालिका बाड़ाहाट में अध्यक्ष पद पर जीत के बाद बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर क्षेत्र में विजय जुलूस निकाल कर खुशी का इजहार किया और मतदाताओं का आभार जताया। विश्वनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद निकाले गए इस जुलूस के दौरान कांग्रेसियों ने ढोल नगाड़ों व आतिशबाजी कर जमकर जश्न मनाया।
बुधवार को पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला। इस दौरान सभा को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश सेमवाल ने जनता का आभार प्रकट करते हुए चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि कूड़ा निस्तारण, खेल मैदान, ट्रैफिक जाम, पेयजल, सड़क आदि मुद्दों के निस्तारण के लिए ठोस योजना बनाकर कार्य किया जाएगा। इस मौके पर नवनिर्वाचित सभासद ऊषा चौहान, कविता जोगेला, महावीर चौहान, मनोज शाह, अजीत गुसाईं, बुद्धि सिंह राणा, सविता भट्ट सहित नगर अध्यक्ष दिनेश गौड़, भूपेश कुड़ियाल, दिवाकर भट्ट, शीशपाल पोखरियाल, मनमोहन शाह, गोविंद सजवाण, प्रताप प्रकाश पंवार आदि मौजूद रहे।