उत्तरकाशी। बीते दिनों दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद में जनपद के अभिषेक राणा, शुभम पंवार एवं दीक्षा रावत ने उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। युवा संसद में विभिन्न मुद्दों को लेकर गंभीर मंथन एवं इसमें युवाओं की भूमिका को देखते हुए इन युवाओं ने अब जनपद के माध्यमिक विद्यालयों में छात्र संसद का आयोजन करने का निर्णय लिया है।
संयुक्त राष्ट्र संघ व केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा युवाओं को जन मुद्दों से जोड़ने के उद्देश्य से देश के 24 राज्यों में विभिन्न जनपदों का चयन कर युवा संसद की भूमिका तैयार की गई। इसके तहत बीते दिनों नेहरू युवा केंद्र ने सीमांत जनपद उत्तरकाशी से अभिषेक राणा, शुभम पंवार एवं दीक्षा रावत को उत्तराखंड के प्रतिनिधि के तौर पर चयनित किया। अभिषेक ने पॉलीटेक्निक से इंजीनियरिंग में डिप्लोमा किया है और वर्तमान में स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं। शुभम देहरादून से कानून की पढ़ाई और दीक्षा उत्तरकाशी में ही बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा है। इन युवाओं ने बीते 15-16 नवंबर को दिल्ली स्थित विश्व युवा केंद्र में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद में प्रतिभाग किया।