बड़कोट। वन विभाग के डिवीजनल कार्यालय के निकटवर्ती जंगल में जहरीली घास खाने से करीब चार दर्जन भेड़ों की मौत हो गई है। पशु चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंच कर मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम किया।
पशु चिकित्सा कर्मी विरेंद्र राणा ने बताया कि मोरी ब्लॉक के जखोल गांव निवासी कुछ ग्रामीण अपनी भेड़ बकरियों के साथ बुग्यालों से वापस लौट रहे थे। बीते रोज बड़कोट वन प्रभाग के डिवीजन कार्यालय के निकटवर्ती जंगल में जहरीली घास खाने से उनकी करीब चार दर्जन भेड़ों की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर डा. मोनिका गोयल के नेतृत्व में पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। जहां मृत भेड़ों का पोस्टमार्टम करने पर जहरीली घास से मौत होने की पुष्टि हुई है। तहसीलदार बुद्धि लाल सरियाल ने बताया कि जहरीली घास से भेड़ों की मौत होना आपदा के मानकों में नहीं आता है, जिससे ग्रामीणों को मुआवजा नहीं दिया जा सकता है।