उत्तरकाशी। राज्य स्थापना दिवस व मतदाता जागरूकता स्वीप कार्यक्रम के तहत प्रशासन इलेवन व पत्रकार एकादश के बीच सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। पत्रकार एकादश ने 33 रनों के अंतर से जीत दर्ज की। गेंद और बल्ले से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर बलवीर परमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
शुक्रवार को मनेरा स्टेडियम में आयोजित मैच में पत्रकार एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। निर्धारित बीस ओवरों में उन्होंने 9 विकेट खोकर 163 रन बनाए। टीम की तरफ से बलवीर परमार ने सर्वाधिक 49 रन बनाए। सुरेंद्र नौटियाल ने 15, हरदेव पंवार ने 13 व नितिन रमोला ने 10 रनों का योगदान दिया। प्रशासन इलेवन की तरफ से एसडीएम देवेंद्र नेगी व युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी ने दो-दो विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रशासन इलेवन की पूरी टीम 20वें ओवर में 130 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। प्रशासन की ओर से सेवायोजन अधिकारी विनायक श्रीवास्तव ने सर्वाधिक 22 रन बनाए। जिला समन्वयक आपदा प्रबंधन जय पंवार व जिला सूचना विज्ञान अधिकारी रणजीत चौहान ने 15-15 रनों का योगदान दिया। पत्रकार एकादश की ओर से बलवीर परमार ने 4, आमेंद्र बिष्ट ने दो तथा सुरेश कुमार, हरदेव पंवार व महादेव गुसाईं ने 1-1 विकेट हासिल किया। विजेता टीम की ओर से 49 रन बनाने और 4 विकेट हासिल करने वाले बलवीर परमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया। प्रशासन इलेवन के कप्तान सीडीओ प्रशांत आर्य ने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन तथा खेल भावना की सराहना की।