उत्तरकाशी। जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक में डीएम डा. आशीष चौहान ने गंगोत्री क्षेत्र में निवास कर रहे साधु संतों की कुटिया एवं गुफाओं को नियमित करने के संबंध में उपसमिति को पुन: स्थलीय निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
गंगोत्री क्षेत्र में कुटिया एवं गुफाओं में वर्षों से साधना कर रहे साधु संत वन कानूनों की आड़ में उन्हें हटाए जाने को लेकर आशंकित हैं। पूर्व में वन विभाग की ओर से गंगोत्री नेशनल पार्क और आसपास के वन क्षेत्र में कई कुटिया एवं गुफाओं को ध्वस्त किए जाने पर साधु संतों ने सरकार और शासन का दरवाजा खटखटाया। बृहस्पतिवार को डीएम डा. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक हुई, जिसमें डीएम ने उपसमिति को पुन: साधु संतों की प्रस्तावित कुटिया, गुफा आदि का स्थलीय निरीक्षण करने व दस्तावेजों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएफओ संदीप कुमार, समाज कल्याण अधिकारी हेमलता पांडेय, ब्रह्मचारी रामथवन, भूपेंद्र चैतन्य, स्वामी गंगा दास, गोपाल राणा आदि मौजूद रहे।