उत्तरकाशी। विश्व आपदा न्यूनीकरण पर भारतीय रेडक्रास समिति की ओर से राइंका श्रीकालखाल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों को मॉक ड्रिल के माध्यम से राहत बचाव के गुर सिखाए गए।
शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में जूनियर रेडक्रास के जिला प्रभारी डा. शंभू प्रसाद नौटियाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष अक्तूबर के दूसरे शनिवार को आपदा न्यूनीकरण दिवस मनाया जाता है। प्रधानाचार्य डीके सैनी ने कहा कि सुरक्षा ही आपदा से निपटने का सबसे कारगर तरीका है, जबकि फर्स्ट एड व राहत बचाव की जानकारी आपदा के हालातों में बहुत लाभदायक साबित हो सकती है। इस दौरान रेडक्रास प्रशिक्षक सुशील डिमरी ने मॉक ड्रिल के माध्यम से छात्रों को राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी।
इस दौरान हुई भाषण प्रतियोगिता में रजनी प्रथम, मोनिका द्वितीय व नितेश पोखरियाल तृतीय रहे। निबंध प्रतियोगिता में श्वेता असवाल, अंजलि पोखरियाल व शीतल तथा पेंटिंग में कृष्णा पोखरियाल, अनुज बिष्ट व मोनिका ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। इस मौके पर जूनियर रेडक्रास के कार्यक्रम अधिकारी सुरक्षा रावत, बिजेंद्र बिष्ट, एसके सैनी, रामपति, सुकरदेई रावत, नरेंद्र सिंह सरोला, बसंती पोखरियाल आदि मौजूद रहे।