पुरोला/चिन्यालीसौड़। विगत दिन जिले के विभिन्न हिस्सों में बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को खासा नुकसान पहुंचा। फसलें बर्बाद होने से पीड़ित काश्तकारों ने प्रशासन से क्षति का आंकलन कर मुआवजा देने व कृषि ऋण माफ करने की मांग की है।
पुरोला में किसान संगठन के अध्यक्ष प्रकाश कुमार के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पहुंचे काश्तकारों ने बताया कि विगत दिन हुई बारिश के कारण धान, मंडुवा, राजमा, आलू, चौलाई आदि फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जबकि टमाटर व मटर की फसल पहले ही बर्बाद हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र क्षति का आकलन कर पीड़ित किसानों को मुआवजा देने व कृषि ऋण माफ करने की मांग की। एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि राजस्व उपनिरीक्षकों को नुकसान का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आते ही काश्तकारों को मुआवजा दिया जाएगा। इस मौके पर नवक्रांति के संयोजक गजेंद्र चौहान, दिनेश उनियाल, देवेंद्र सरियाल आदि मौजूद रहे। इधर, चिन्यालीसौड़ के दिचली गमरी क्षेत्र में बीते दिनों हुई ओलावृष्टि और बारिश से फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रभावित काश्तकारों ने तहसीलदार चंदन सिंह राणा को नुकसान की जानकारी दी। इस मौके पर बगोड़ी की प्रधान गीता देवी, कुंवर सिंह बिष्ट, उत्तम सिंह, भगवान सिंह आदि मौजूद रहे। शुक्रवार शाम को जिला मुख्यालय के निकटवर्ती वरुणा घाटी क्षेत्र में भी भारी ओलावृष्टि से फसलें तबाह हो गई। क्षेत्र के शिवनारायण नौटियाल ने प्रशासन से किसानों को क्षतिपूर्ति देने की मांग की है।