उत्तरकाशी। बाल अपराधों के प्रति बच्चों को जागरूक करने के लिए श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के चाइल्ड हेल्प लाइन 1098 की ओर से राइंका चिन्यालीसौड़ में ओपन हाउस कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के सदस्यों ने छात्र छात्राओं, शिक्षकों व पुलिसकर्मियों को बाल अपराधों की जानकारी दी। इस दौरान सभी लोगों को कोमल, चुप्पी तोड़ो व डेथ विश डाक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई।
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्प लाइन महिला टीम की सदस्यों समिता चौहान, गौतमा नेगी, दीपा पंवार व रजनी चमोली ने छात्राओं को बुरे व अच्छे स्पर्श के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं से किसी भी व्यक्ति की ओर से गलत तरीके से छूए जाने पर विरोध जताने को कहा। साथ ही अपनी समस्या माता-पिता या चाइल्ड हेल्प लाइन से साझा करने की भी अपील की। कार्यक्रम समन्वयक दीपक उप्पल ने सोशल मीडिया व नशे से बचने की अपील की। उन्होंने शिक्षकों और पुलिसकर्मियों से बाल अपराधों के मामलों को अधिक संवेदनशीलता के साथ संभालने की अपील की।