पुरोला। गोविंद वन्य जीव विहार की सीमा के अंतर्गत धौला के पास हुए भूस्खलन से नैटवाड़-दोणी-भितरी सड़क अवरुद्ध हो गई है, जिससे क्षेत्र के आधा दर्जन से ज्यादा गांव अलग-थलग पड़ गए हैं। ग्रामीणों ने पार्क प्रशासन से शीघ्र अवरुद्ध सड़क सुचारु करने की मांग की है।
दोणी गांव निवासी रोजी सिंह सौंदाण ने बताया कि बीते तीन दिनों तक क्षेत्र में निरंतर बारिश के बाद सोमवार की देर रात धौला के पास भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ टूटकर गिरने से यहां सड़क अवरुद्ध हो गई है, जिससे क्षेत्र के दोणी, भितरी, बरी, सेवा आदि आधा दर्जन गांव अलग-थलग पड़ गए हैं। इस हिस्से में ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पैदल आवाजाही करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि सड़क अवरुद्ध होने से ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस संबंध में गोविंद वन्य जीव विहार प्रशासन को सूचना देकर शीघ्र अवरुद्ध सड़क पर यातायात बहाल करने की मांग की है।