उत्तरकाशी। पर्यटन महोत्सव के तहत होटल एसोसिएशन की ओर से साइकिल रेस का आयोजन किया गया। बारिश के बावजूद प्रतिभागियों ने इस इवेंट में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। आठ किमी की रेस में प्रदीप पंवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
आगामी 27 सितंबर को पर्यटन दिवस के उपलक्ष्य में आजकल जिले में पर्यटन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत रविवार को होटल एसोसिएशन की ओर से साइकिल रेस का आयोजन किया गया। एसोसिएशन ने इस इवेंट को राइड फॉर लाइफ नाम देते हुए इसे पर्यटन से जोड़ने की मंशा जताई। रविवार सुबह सात बजे जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री ने बस अड्डे पर सब्जी मंडी के पास से हरी झंडी दिखाकर साइकिल रेस को रवाना किया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदीप पंवार प्रथम, जयदीप पंवार द्वितीय, अनिल बोहरा तृतीय रहे। प्रतियोगिता में एकमात्र महिला प्रतिभागी भंकोली गांव की ममता रावत ने हिस्सा लिया। इस मौके पर होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा, सचिव रविंद्र नेगी, राजेंद्र पंवार, प्रकाश भद्री, सुभाष कुमाईं, बिंदेश कुड़ियाल, प्रताप राणा, आशीष कुड़ियाल, विजयपाल मखलोगा, जगेंद्र भंडारी, दीपेंद्र पंवार, अजय पुरी, मनोज रावत, माधव जोशी आदि मौजूद रहे।