पुरोला। रवाईं को अलग जनपद एवं पुरोला को जिला मुख्यालय बनाने की मांग पर जिला बनाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रकाश कुमार का अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा। चिकित्सकों ने परीक्षण कर उनके स्वास्थ्य में गिरावट दर्ज की।
रवाईं को अलग जिला एवं पुरोला को जिला मुख्यालय बनाने सहित किसानों को फसलों की क्षतिपूर्ति, कृषि ऋण माफ करने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड की सुविधा मुहैया कराने की मांग को लेकर जिला बनाओ संघर्ष समिति द्वारा 31 जुलाई से धरना आंदोलन शुरू किया गया था। बीते 14 सितंबर को धरना आंदोलन अनशन में तब्दील कर दिया गया था। हालांकि तीन अनशनकारियों ने डीएम द्वारा सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन लगवाने के आश्वासन पर बीते रोज अपना अनशन समाप्त कर दिया था, लेकिन समिति के अध्यक्ष प्रकाश कुमार रविवार को तीसरे दिन भी अनशन पर डटे रहे। उन्होंने मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रखने का एलान किया। रविवार को अनशन स्थल पर पहुंचे सीएचसी के चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसमें उनके वजन में दो किलो की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को उनके समर्थन में अजीतपाल रावत एवं कैलाश रावत ने क्रमिक अनशन किया, जबकि मोहब्बत नेगी, मीना सेमवाल, राजेंद्र शर्मा, देवेंद्र सरियाल, प्रताप सिंह आदि ने धरना दिया।