पुरोला (उत्तरकाशी)। रवाईं को अलग जिला एवं पुरोला को जिला मुख्यालय बनाने सहित अन्य मांगों को लेकर अनशन पर बैठे तीन आंदोलनकारियों ने शनिवार को अनशन समाप्त कर दिया। डीएम की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला में शीघ्र अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने के आश्वासन पर उन्होंने अनशन तोड़ा, जबकि आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रकाश कुमार ने अलग जिले की मांग पूरी होने तक अनशन जारी रखने का एलान किया है।
रवाईं को अलग जिला एवं पुरोला को जिला मुख्यालय बनाने के साथ ही किसानों को फसल क्षति का मुआवजा देने, कृषि ऋण माफ करने और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला में अल्ट्रासाउंड की सुविधा मुहैया कराने की मांग को लेकर ग्रामीण जिला बनाओ संघर्ष समिति के बैनरतले बीते 31 जुलाई से तहसील परिसर में धरना दे रहे हैं। शुक्रवार को चार ग्रामीणों ने अनशन शुरू किया था। शनिवार को अनशन स्थल पर पहुंचे एसडीएम पूरण सिंह राणा ने ग्रामीणों को बताया कि डीएम ने सीएचसी में जिला योजना के तहत अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। इस पर गजेंद्र चौहान, एलम पंवार एवं धर्म लाल दौरियाल ने अनशन समाप्त कर दिया, जबकि समिति के अध्यक्ष प्रकाश कुमार अब भी अनशन पर डटे हुए हैं। उन्होंने अलग जिले की मांग पूरी होने तक अनशन जारी रखने का एलान किया। उनके समर्थन में कैलाश रावत एवं हरीश कुमार ने क्रमिक अनशन किया, जबकि सतेंद्र राणा, जगमोहन पंवार, रेखा नौटियाल जोशी, मीना सेमवाल, दिनेश उनियाल, देवेंद्र सरियाल आदि धरने पर बैठे।