बड़कोट। स्व. राजेंद्र सिंह रावत राजकीय महाविद्यालय बड़कोट में शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग पर सुनवाई हो गई है। शासन ने अन्य महाविद्यालयों से छह प्राध्यापकों को बड़कोट महाविद्यालय में ट्रांसफर किया है।
स्थापना के बाद से ही आईटीआई छात्रावास के चार कमरों में चल रहे राजकीय महाविद्यालय बड़कोट को बीते साल अपना भवन तो मिल गया, लेकिन यहां शिक्षकों की कमी के चलते शिक्षा व्यवस्था चौपट हो रही थी। बीते शैक्षिक सत्र में यहां विज्ञान वर्ग के अस्सी फीसदी छात्र-छात्राएं अनुत्तीर्ण हो गए थे। अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं लंबे समय से यहां शिक्षकों के रिक्त पद भरने की मांग कर रहे थे। अब शासन ने राजनीति विज्ञान में डा. डीएस मेहरा, अंग्रेजी में डा. अंजू भट्ट, अर्थशास्त्र में डा. पुष्पांजली, रसायन विज्ञान में डा. सीमा, भौतिक विज्ञान में डा. विमल प्रकाश बहुगुणा एवं गणित विषय में डा. युवराज शर्मा का ट्रांसफर बड़कोट महाविद्यालय में कर दिया है। यहां से हिंदी के प्राध्यापक डा. आरएस असवाल का डाकपत्थर ट्रांसफर किया गया है। प्राध्यापकों के पद भरे जाने पर महाविद्यालय की पीटीए अध्यक्ष गौरा देवी, छात्रसंघ अध्यक्ष आशीष पंवार, धनवीर सिंह, दीपक सिंह समेत कई छात्र-छात्राओं ने खुशी जताई।