उत्तरकाशी। गंगोत्री धाम में प्रख्यात कथा वाचक संत मुरारी बापू की श्री राम कथा की तैयारियां जोरों पर हैं। 18 से 26 अगस्त तक चलने वाली कथा के लिए गंगोत्री में विशाल पंडाल तैयार करने के साथ ही गंगा भागीरथी पर अस्थायी झूला पुल निर्माण की तैयारी चल रही है। कथा आयोजन में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के गंगोत्री धाम पहुंचने की उम्मीद है, जिससे तीर्थ पुरोहितों और यात्रा कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
कथा आयोजक संत कृपा सनातन संस्थान से जुड़े जयप्रकाश माली एवं नितिन आमेटा ने बताया कि 18 से 26 अगस्त तक गंगोत्री धाम में मुरारी बापू द्वारा श्री राम कथा का प्रवचन किया जाएगा। कथा का आयोजन मिराज ग्रुप के चेयरमैन मदन पालीवाल द्वारा कराया जा रहा है। 18 अगस्त की सुबह मुरारी बापू हेलीकॉप्टर से हर्षिल उतरकर गंगोत्री पहुंचेंगे। गंगोत्री में मंदिर के सामने हेलीपैड वाली जगह पर पांच हजार श्रद्धालुओं की क्षमता वाला विशाल पंडाल सजाया जा रहा है। कथा के दौरान धाम में पहुंचने वाले भक्तों के लिए तमाम होटल, धर्मशाला एवं आश्रम बुक कराए गए हैं। हर्षिल-धराली में भी श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी।
गंगोत्री स्थित मौनी बाबा आश्रम में मुरारी बापू के लिए कुटिया का निर्माण किया गया है। यहां से कथा पंडाल तक आने के लिए गंगा भागीरथी पर अस्थायी पुल तैयार किया जा रहा है। बैटरी चलित वाहन से मुरारी बापू के आने-जाने की व्यवस्था की जाएगी। कथा का सीधा प्रसारण आस्था चैनल पर किया जाएगा। मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल का कहना है कि संत मुरारी बापू की कथा में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से यात्रा कारोबारियों को फायदा मिलेगा। मंदिर समिति कथा आयोजन में हरसंभव सहयोग कर रही है।