उत्तरकाशी। जनपद में बीएसएनएल की दूरसंचार सेवाएं आए दिन ठप होने से उपभोक्ताओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धरासू बैंड के पास ओएफसी केबल कटने और टेलीफोन एक्सचेंज में तकनीकी खामी के चलते दूरसंचार सेवाएं तीन दिन से ठप पड़ी है।
दूरसंचार सेवाएं ठप होने से बीएसएनएल के बेसिक टेलीफोन, मोबाइल फोन और ब्रॉड बैंड सेवा शोपीस बने हैं। बैंकों में भी इंटरनेट नहीं चलने के कारण लेन-देन के कार्य नहीं हो पा रहे हैं। दूरस्थ क्षेत्रों की दूरसंचार सेवा बीएसएनएल पर ही टिकी हैं। ऐसे में आपदा की स्थिति में सूचनाओं का आदान-प्रदान नहीं हो पा रहा है।
बीएसएनएल की बदहाल सेवाओं के पीछे अधिकारी-कर्मचारियों की कमी भी बड़ा कारण माना जा रहा है। जिले की दूरसंचार सेवाएं जूनियर टेलीकॉम ऑफिसर के भरोसे चल रही हैं। निगम ने कोई जिम्मेदार अधिकारी भी यहां तैनात नहीं किया है। बीएसएनएल के जेटीओ बीके चौरसिया ने बताया कि धरासू बैंड के पास भूस्खलन से ओएफसी केबल क्षतिग्रस्त होने के कारण सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। साथ ही जिला मुख्यालय स्थित टेलीफोन एक्सचेंज में तकनीकी खामी के चलते दिक्कत आ रही है। जल्द ही इसे दुरुस्त किया जाएगा।