चिन्यालीसौड़। नमामि गंगे के तहत बड़ेथी चिन्यालीसौड़ में गंगा वृक्षारोपण अभियान के तहत विभिन्न प्रजाति के दो हजार पौधे रोपे गए। कार्यआक्रम में शामिल लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण एवं गंगा संरक्षण ेका संकल्प लिया।
बड़ेथी चिन्यालीसौड़ में टिहरी डैम वन प्रभाग के तत्वाधान में आयोजित पौध रोपण कार्यक्रम का शुभारंभ चिन्यालीसौड़ के ब्लाक प्रमुख विजेंद्र रावत ने किया। उन्होंने कहा कि गंगा के प्रवाह पथ से लगे हिस्सों में पौधरोपण करने से गंगा का पारिस्थितिकी तंत्र और मजबूत होगा। टिहरी डैम वन प्रभाग के डीएफओ वीके सिंह ने बताया कि इस अभियान के तहत बड़ेथी में सिविल सोयम की दो हेक्टेयर जमीन पर रुद्राक्ष, पीपल, हरड़, बहेड़ा, आंवला, अनार, कचनार, अमरूद आदि प्रजाति के 2000 पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में सहयोग संस्था गंगा विचार मंच ने सभी लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण एवं गंगा संरक्षण की शपथ दिलाई। इस मौके पर डीएम डा. आशीष चौहान, डीएफओ संदीप कुमार एवं विजय बहादुर सिंह, शूरवीर रांगड़, लोकेंद्र बिष्ट, जयप्रकाश, बलवीर रांगड़, नत्थी सिंह, डा.मनवीर बिघाणा, राजेंद्र पंवार, धर्मानंद बिजल्वाण, पीयूष पंवार, चंदन सिंह राणा, शांति परमार आदि अनेक लोग मौजूद रहे।