उत्तरकाशी। डीएम ने रेडक्रास कार्यालय का औचक निरीक्षण कर अभी तक ऑडिट नहीं कराने पर कार्यालय के सभी रिकार्ड एवं गोदाम सील कर दिए। साथ ही उन्होंने जिला अस्पताल में वैक्सीन कोल्ड चेन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि के आदेश दिए।
मंगलवार शाम को डीएम डा. आशीष चौहान ने रेडक्रास कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि रेडक्रास के दस्तावेजों का लंबे समय से ऑडिट नहीं कराया गया था। उन्होंने एसडीएम भटवाड़ी, वरिष्ठ कोषाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को रेडक्रास के दस्तावेजों के साथ ही गोदाम की जांच के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि दस्तावेजों से मिलान कर पता लगाया जाए कि रेडक्रास को कितनी सामग्री मिली, कितनी खरीदी गई और कितनी वितरित की गई तथा शेष सामान की क्या स्थिति है। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इसी दौरान डीएम ने जिला अस्पताल परिसर में वैक्सीन कोल्ड चेन स्टोर का निरीक्षण भी किया। यहां उन्होंने वैक्सीन फ्रिज तापमान मापक एवं अंकन पंजिका का मिलान किया, तो गड़बड़ी पायी। वैक्सीन कोल्ड चेन में लापरवाही पाए जाने पर डीएम ने कोल्ड चेन हैंडलर महिपाल राणा एवं सहायक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी संजय बिजल्वाण को प्रतिकूल प्रविष्टि के आदेश दिए। इस दौरान सीएमओ डा. विनोद नौटियाल, डा. चंदन सिंह रावत, रेडक्रास के पूर्व सचिव जगमोहन अरोड़ा आदि मौजूद रहे।