उत्तरकाशी। दशकों बाद भी लदाड़ी-अलेथ मोटर मार्ग का निर्माण नहीं होने पर बाड़ागड्डी क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने वर्ष 2011 में मंगलपुर से अलेथ तक चार किमी मोटर मार्ग निर्माण के लिए भेजे गए प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत कराने की मांग की है। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
धनपुर के पूर्व प्रधान शूरवीर सिंह गुसाईं ने बताया कि वर्ष 1995 में लदाड़ी से अलेथ तक करीब 10 किमी लंबा मोटर मार्ग स्वीकृत हुआ था, लेकिन पृथक राज्य बनने के कारण कई सालों सड़क का निर्माण नहीं हो पाया। इसके बाद वर्ष 2002 में मार्ग का कार्य प्रारंभ हुआ, जिसमें से मात्र चार किमी मार्ग का ही निर्माण किया गया। वर्ष 2011 में ग्रामीणों की मांग पर दो किमी अतिरिक्त मोटर मार्ग निर्माण स्वीकृत कर सिर्फ डेढ़ किमी मंगलपुर गांव तक सड़क का निर्माण कराया गया। इसके आगे अलेथ गांव तक चार किमी सड़क निर्माण के लिए वर्ष 2011 में लोनिवि ने शासन को प्रस्ताव भेजा, लेकिन आज तक इसे स्वीकृति नहीं मिली। अलेथ, साडा, धनपुर आदि क्षेत्र के ग्रामीणों को दशकों बाद भी सड़क का लाभ नहीं मिल पा रहा है। भैलूड़ा से मंगलपुर तक के डेढ़ किमी सड़क पर अभी तक डामरीकरण नहीं होने से ग्रामीणों को जोखिम भरी आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर मंगलपुर से अलेथ तक के चार किमी सड़क स्वीकृत कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालो में रामानंद भट्ट, बिजेंद्र गुसाईं, शकुंतला देवी, अमरनाथ बिजल्वाण, दलवीर सिंह आदि शामिल रहे।