पुरोला। प्रशासन ने नगर क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को साफ कर दिया है। कड़ी सुरक्षा के बीच चले अभियान में प्रशासन द्वारा दर्जनों बड़े-छोटे अतिक्रमणों को हटाया गया। कुछ अतिक्रमणकारियों के विरोध के बावजूद अधिकांश नगरवासियों एवं नव क्रांति संगठन के सदस्यों ने प्रशासन की कार्रवाई का समर्थन किया है।
शुक्रवार सुबह एसडीएम पूरण सिंह राणा के नेतृत्व में नगर पंचायत, लोनिवि और पुलिस ने अभियान चलाया, जिसमें मोरी रोड, कुमोला रोड, बस स्टैंड आदि स्थानों पर हुए छोटे-बड़े सभी अतिक्रमणों को साफ किया गया। इस दौरान पवन नौटियाल, हरिमोहन नेगी, अरविंद खंडूड़ी, रामचंद्र पंवार आदि ने अभियान का विरोध भी किया, लेकिन भारी सुरक्षा और आम जनता के समर्थन के साथ अभियान जारी रहा। वहीं नव क्रांति के संयोजक गजेंद्र सिंह चौहान ने अतिक्रमण हटाओ अभियान का समर्थन करते हुए प्रशासन से नगर की गलियों में हुए अतिक्रमण को भी हटाने की मांग की। उधर, एसडीएम पूरण सिंह राणा ने कहा कि पहले चरण में मुख्य मार्ग और मेन मार्केट से अतिक्रमण हटाया गया है। आने वाले दिनों में नगर के अंदरूनी हिस्से में हुए अतिक्रमण को भी तोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि करीब 12 खोखे वालों को चिह्नित किया गया है, जिन्हें नगर पंचायत के तहत बनने वाले खोखों में शिफ्ट किया जाएगा।