उत्तरकाशी। नगर की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अमरीकन पुरी छठे दिन भी आमरण अनशन पर डटे रहे। विभिन्न छात्र संगठन एवं व्यापारी उनके समर्थन में धरने पर डटे हुए हैं। मंगलवार शाम को उन्होंने नगर में मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। छह दिन बाद भी प्रशासन द्वारा सुध नहीं लिए जाने से गुस्साए आंदोलनकारियों ने अब 5 जुलाई को बाजार बंद और चक्काजाम का ऐलान किया है।
बता दें कि नगर पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर हटाए गए व्यापारियों को दुकानें उपलब्ध कराने सहित छह सूत्री मांगों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता अमरीकन पुरी ने बीते 28 जून को हनुमान चौक स्थित अमर शहीद श्रीदेव सुमन की मूर्ति के समक्ष आमरण अनशन शुरू किया था। मंगलवार को छठे दिन भी उनका अनशन जारी रहा। समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र एवं व्यापारियों ने भी अनशन स्थल पर धरना दिया। अनशनकारी पुरी की सेहत में निरंतर गिरावट दर्ज की जा रही है। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती वे अनशन जारी रखेंगे।
मंगलवार शाम को आंदोलनकारियों ने नगर में मशाल जुलूस निकालकर पालिका एवं प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने पांच जुलाई को उत्तरकाशी बाजार एवं स्कूल कालेज बंद कराने के साथ ही चक्काजाम का एलान किया है। धरना प्रदर्शन एवं मशाल जुलूस में सोनू नेगी, आशीष भट्ट, पृथ्वीपाल मटूड़ा, देवराज बिष्ट, मुकेश रावत, महेश बहुगुणा, पृथ्वी दत्त नैथाणी आदि दर्जनों लोग शामिल रहे।