उत्तरकाशी। जिला प्रशासन की ओर से तितली ट्रस्ट फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित ‘विंग्स ऑफ द ड्रीम’ बर्ड वॉचिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का रविवार देर शाम समापन किया गया। समापन समारोह में यमुनोत्री विधायक केदार रावत ने सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर बर्ड वॉचिंग के क्षेत्र में स्वरोजगार अपनाने की सलाह दी।
कलक्ट्रेट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में तीन दिवसीय बर्ड वॉचिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण में प्रतिभाग करने वाले युवाओं ने बताया कि चौरंगीखाल, निम, कुटेटी देवी, पाटा आदि स्थानों का भ्रमण कर उन्होंने पक्षियों की करीब 73 प्रजातियों को देखा और उनके बारे में जानकारी हासिल की। विधायक केदार सिंह रावत ने सभी युवाओं को स्मृतिचिह्न देकर सम्मानित किया। डीएम डा. आशीष चौहान ने कहा कि सरकार युवाओं को प्रशिक्षण देकर योजनाओं से लाभान्वित कर सकती है, लेकिन जीवन में सफलता हासिल करने के लिए युवाओं को खुद ही मेहनत करनी होगी। उन्होंने युवाओं से प्रशिक्षण कार्यक्रम में मिली जानकारी का सदुपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करने की अपील की। इस मौके पर जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, अजय शर्मा, आरआर भंडारी, देवेंद्र बिजल्वाण, प्रियांशी डबराल, संजय सौदी, राजेश भट्ट, ताहिर आलम आदि मौजूद रहे।