बड़कोट। बारिश के साथ यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से यमुनोत्री मंदिर की ओर लगे आरसीसी ब्लाक क्षतिग्रस्त होने लगे हैं, जिससे धाम को खतरा पैदा होने के साथ ही यमुना नदी को पार करने का रास्ता भी जोखिम भरा हो गया है। तीर्थ पुरोहितों एवं स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से यहां शीघ्र सुरक्षा कार्य कराने की मांग की है।
यमुनोत्री धाम में यमुना नदी में जमा भारी मलबे के कारण तटवर्ती हिस्सों में कटाव की समस्या है। इससे यमुनोत्री मंदिर एवं धाम को खतरा देखते हुए बीते साल में यहां आरसीसी ब्लाक तैयार कर सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। अब बरसात में यमुना नदी में पानी बढ़ने पर तटवर्ती हिस्से में फिर से कटाव बढ़ने लगा है। यमुना किनारे लगे आरसीसी ब्लाक खोखले होकर तिरछे होने लगे हैं। यमुनोत्री के तीर्थ पुरोहित पुरुषोत्तम उनियाल, पवन प्रकाश उनियाल, व्यापारी महावीर पंवार, मनमोहन राणा आदि ने बताया कि वर्षों से यमुना नदी पर पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार कोई ध्यान नहीं दे रही।