उत्तरकाशी। बृहस्पतिवार रात हुई मूसलाधार बारिश से मैणागाड़ और ज्ञानसू खाले में बहकर आया मलबा 11 दुकानों में जा घुसा। इससे करीब 4.60 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया। वहीं मलबा गंगोत्री हाईवे पर करीब एक किमी हिस्से में फैलने से आवाजाही भी प्रभावित हुई।
शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंचे बीआरओ के जवानों ने गंगोत्री हाईवे पर पसरा मलबा साफ किया। दोपहर बाद डीएम डा. आशीष चौहान ने ज्ञानसू पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने बीआरओ को ज्ञानसू नाले और हाईवे के किनारे की नालियों में जमा मलबा साफ करने के निर्देश दिए। एसडीएम देवेंद्र नेगी ने बताया कि मैणागाड़ और ज्ञानसू खाले में आया मलबा सतपाल रावत, बचन राणा, राजेश सिंह, आनंद कुमार, आनंद पंवार, अनिल प्रकाश, जगमोहन सिंह, भाग सिंह, विरेंद्र दत्त, डा. कृष्णानंद कुड़ियाल, शांति थपलियाल की दुकानों में घुसा।
उधर, भटवाड़ी ब्लॉक के मांडौं गांव के ऊपर स्थित मुख्य नाले में पानी का प्रवाह अवरुद्ध होने से ग्रामीण भयभीत हैं। वन सरपंच प्रताप चौहान ने बताया कि नाले में उफान आने से पूर्व में भी गांव में कई बार नुकसान हो चुका है। वर्तमान में पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन से पानी का बहाव अवरुद्ध हो गया है। उन्होंने शीघ्र समस्या हल नहीं होने पर बस्ती को खतरा बताया है।