उत्तरकाशी। पालिका में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई और उजाड़े गए व्यापारियों को दुकानें आवंटित करने की मांग को लेकर हनुमान चौक में चल रहा अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा।
अनशन पर बैठे अमरीकन पुरी ने कहा कि उन्होंने सूचना के अधिकार के माध्यम से पालिका बाड़ाहाट में व्याप्त भ्रष्टाचार के कई मामले उजागर किए। इस संबंध में पुख्ता सबूतों के साथ शिकायत करने पर भी प्रशासन ने दोषियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान की आड़ में सिर्फ रेहड़ी-ठेली, फड़ एवं खोखा व्यापारियों को उजाड़ा, जबकि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा कर बैठे रसूखदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। प्रशासन द्वारा कराई गई जांच में स्पष्ट हो चुका है कि पूर्व में पालिका पदाधिकारियों और अधिकारियों की मिलीभगत से सब्जी कारोबारियों से अवैध रूप से धनराशि बटोरी गई। उन्होंने कहा कि जब तक उजाड़े गए व्यापारियों को स्वरोजगार के लिए कहीं दुकानें आवंटित नहीं की जातीं और पालिका के भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे भूख हड़ताल पर डटे रहेंगे। इस मौके पर शीशपाल रावत, दिनेश प्रसाद, सोनू नेगी आदि मौजूद रहे।