उत्तरकाशी। बुधवार तड़के हुई बारिश से उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग तीन अलग-अलग स्थानों पर मलबा आने से अवरुद्ध हो गया। लोनिवि ने करीब चार घंटे बाद मोटर मार्ग पर यातायात सुचारु कर दिया।
पहाड़ी से आए मलबे से उत्तरकाशी-लंबगांव मोटर मार्ग सुबह करीब साढ़े सात बजे बंद हो गया था। आपदा कंट्रोल रूम के अनुसार दिखोली बैंड के समीप तीन अलग-अलग स्थानों पर मलबा आया था, जिससे यातायात घंटों प्रभावित रहा। हालांकि मार्ग बंद होने की सूचना मिलते ही लोनिवि उत्तरकाशी के अधिकारी एवं कर्मचारी जेसीबी मशीन के साथ मलबा हटाने में जुट गए थे, जिसके बाद करीब पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे तीनों स्थानों से मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया गया। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार बारिश से जनपद में किसी अन्य स्थान पर भूस्खलन, सड़क बंद होने की कोई घटना नहीं है। उधर, जिला प्रशासन ने मानसून को देखते हुए नेशनल हाईवे आदि मोटर मार्गों पर कर्मचारियों को मशीनों के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से भी बारिश के दौरान सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।