नौगांव (उत्तरकाशी)। रर्वाइं घाटी के तीयां गांव स्थित रुद्रेश्वर देवता मंदिर के कपाट बुधवार को विधि-विधान से श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इस अवसर पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों सहित हजारों भक्तों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भव्य उत्सव मनाया।
बीते एक वर्ष से तीयां गांव स्थित प्राचीन मंदिर में विराजमान रुद्रेश्वर महादेव की मूर्ति को बुधवार शाम चार बजे भव्य अनुष्ठान के साथ बाहर निकाला गया। लंबे इंतजार के बाद अपने आराध्य के दर्शन पाकर सभी भक्तों ने ढोल-दमाऊं और रणसिंगे की धुन पर उत्सव मनाया। भक्तों ने देवता को श्रीफल आदि भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर समिति के अध्यक्ष जगमोहन परमार ने बताया कि रुद्रेश्वर देवता कल (आज) धार्मिक अनुष्ठान के साथ देवराणा गांव के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां पर देवता के स्वागत के लिए भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें क्षेत्र के 65 गांवों के ग्रामीण शामिल होंगे। इसके बाद देवता क्षेत्र के गांवों का भ्रमण कर अगले एक साल के लिए कंडाऊं गांव स्थित मंदिर में विराजमान होंगे। समारोह में शशि मोहन राणा, जयेंद्र राणा, शांति थपलियाल, सुरेशानंद, फलक सिंह, श्याम डोभाल मौजूद रहे।