उत्तरकाशी। जनता की समस्याओं के निस्तारण के लिए प्रत्येक सोमवार होने वाले शिकायत निवारण शिविर में इस बार 29 मामले दर्ज किए गए। डीएम डा. आशीष चौहान ने अधिकांश मामलों का निस्तारण करते हुए अन्य मामलों पर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिला सभागार में आयोजित शिविर में नाल्ड निवासी धनवीर सिंह ने बताया कि बीआरओ में तैनाती के दौरान उन्हें चोट लगी थी, लेकिन उपचार के बाद अब बीआरओ उन्हें दोबारा नियुक्ति नहीं दे रहा है। इससे उनके सामने परिवार के भरण-पोषण का संकट पैदा हो गया है। इस पर डीएम ने बीआरओ के अधिकारियों को मामले का निस्तारण करने के निर्देश दिए। कंकराड़ी निवासी इंद्रा देवी ने मुख्यमंत्री सहायता निधि से आवास दिलाने की मांग की। वृद्ध महिला चैतादेवी ने इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता की मांग की। पिपली धनारी निवासी अनुराग राणा ने रोजगार की मांग की। बडे़ेथी निवासी कीर्ति शाह ने उनकी भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत की। इन सभी मामलों का संज्ञान लेते हुए डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में मुख्य कृषि अधिकारी महिधर सिंह तोमर, जिला पूर्ति अधिकारी जीएस मटूड़ा, जिला शिक्षा अधिकारी रामेंद्र कुशवाह आदि मौजूद रहे।