उत्तरकाशी। एक पखवाड़े तक थमा रहने के बाद पालिका प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान सोमवार को पुन: शुरू हुआ। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने गंगोत्री हाईवे के किनारे अतिक्रमण कर बनी सब्जी मंडी को ढहा दिया। फल एवं सब्जी कारोबारियों के लिए फिलहाल वरुणावत की तलहटी में जियोग्रिड वाल के पीछे अस्थायी व्यवस्था की गई है।
सोमवार को एक बार फिर प्रशासन ने अभियान शुरू किया और गंगोत्री हाईवे के किनारे अवैध रूप से बसायी गई सब्जी मंडी का अतिक्रमण साफ किया। यहां 51 अवैध खोखे एवं सब्जी की दुकानें हटाई गई। अतिक्रमण हटाने से पूर्व प्रशासन ने जियोग्रिड वाल के पीछे जगह चिह्नित कर फल एवं सब्जी कारोबारियों को अस्थायी तौर पर यहां कारोबार करने की सलाह दी। जेसीबी से अतिक्रमण हटाना शुरू करते ही व्यापारियों ने दो दिन की मोहलत देने की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने एक माह से चेतावनी के बावजूद स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाने पर सख्त रवैया अपनाते हुए दो घंटे के भीतर ही सारा अतिक्रमण हटा दिया। अब लोग नगर में अन्य स्थानों पर हुए कच्चे एवं पक्के अतिक्रमणों को हटाने की मांग कर रहे हैं। इस मौके पर एडीएम पीएल शाह, एसडीएम भटवाड़ी देवेंद्र नेगी, पालिका प्रशासक ओसी कलक्ट्रेट अनुराग आर्य, पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर, डिप्टी कलक्टर तुषार सैनी, एसओ महादेव उनियाल आदि मौजूद रहे।
निवर्तमान पालिका बोर्ड के खिलाफ है रोष
निवर्तमान पालिका बोर्ड के खिलाफ व्यापारियों में रोष नजर आया। व्यापारियों का कहना था कि पालिका ने इस स्थान पर दो मंजिला प्री फेब्रिकेटेड दुकानें बनाकर आवंटित करने का भरोसा दिया। इस एवज में 51 व्यापारियों से 50 हजार से दो लाख रुपये तक लिए गए थे। सब्जी कारोबारी इस धोखाधड़ी को लेकर निवर्तमान पालिका बोर्ड के खिलाफ न्यायालय की शरण में जाने की तैयारी कर रहे हैं।
पर्यटन नगरी बनेगी उत्तरकाशी
गंगोत्री विधायक गोपाल रावत ने कहा कि नगर को पर्यटन नगरी के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। जल्द ही मास्टर प्लान के तहत नगर में सौंदर्यीकरण, नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इस क्रम में अभी लोगों को अतिक्रमण हटाने से कुछ तकलीफ हो सकती है, लेकिन मास्टर प्लान के भीतर इन हटाए गए व्यापारियों के लिए प्राथमिकता तय कर स्वरोजगार की व्यवस्था भी की जाएगी।