नौगांव/उत्तरकाशी। नौगांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत फरी और डुंडा के कलिगांव में प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में क्रमश: चिंद्रिया लाल और कृपाल सिंह ने जीत दर्ज की है।
बीते 19 जून को दोनों गांवों में प्रधान पद के लिए हुए उपचुनाव में मतदान कराया गया था। बृहस्पतिवार को ब्लाक सभागार में मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। बीडीओ नौगांव कमलेश पांडे ने बताया कि फरी गांव में कुल 337 मतदाताओं में से 189 लोगों ने मतदान किया। इसमें चिंद्रिया लाल (108) ने जैरिया लाल (79) को 27 मतों के अंतर से पराजित कर जीत हासिल की। दो मत अवैध पाए गए। इधर, डुंडा ब्लाक के कलिगांव में हुए चुनाव में कृपाल सिंह ने 189 मत हासिल किए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी इंद्रदेव व्यास को 83 वोट मिले। सहायक निर्वाचन अधिकारी वाईएल कपूर ने बताया कि मतगणना कराकर परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।