उत्तरकाशी। जोशियाड़ा बैराज झील को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने के क्रम में झील किनारे रिवर फ्रंट पार्क तैयार हो गया है। स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले पर्यटक भी पार्क की सैर और प्रकृति के नजारों का लुत्फ उठा पाएंगे। ओएनजीसी की मदद से 16 लाख रुपये लागत में पार्क का निर्माण कराया गया है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर पार्क का लोकार्पण किया जाएगा।
बुधवार को पार्क का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम डा. आशीष चौहान ने कहा कि जोशियाड़ा बैराज झील में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, इन्हें विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ओएनजीसी की मदद से ज्ञानसू स्थित नर्वदेश्वर मंदिर के निकट जोशियाड़ा बैराज झील के किनारे 16 लाख रुपये की लागत से पार्क का निर्माण कराया गया है। पार्क में फुलवारी एवं घास उगाने के साथ ही लोगों के बैठने के लिए बैंचें लगाई गई हैं। पार्क के निकट बाढ़ सुरक्षा दीवार के पीछे की खाली जमीन पर पालिका द्वारा अमर शहीद श्रीदेव सुमन पार्क का निर्माण कराकर उनकी मूर्ति स्थापित की जाएगी। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा दीवार के पीछे की खाली जगह को पर्यटन एवं नागरिक सुविधाओं के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इस मौके पर ग्रामीण निर्माण विभाग के ईई विभुविश्वामित्र रावत आदि मौजूद थे।