उत्तरकाशी। आधे-अधूरे बने मनेरी-डिडसारी-बायणा मोटर मार्ग पर बीते दो माह से वाहनों की आवाजाही ठप होने के कारण ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने डीएम से कार्रवाई की मांग की है।
कुछ माह पहले ही मनेरी से डिडसारी होते हुए बायणा गांव तक सड़क का कटान पूरा हुआ था। इसके साथ ही गांव तक वाहनों की आवाजाही शुरू हुई थी। हालांकि अभी तक पीएमजीएसवाई द्वारा सड़क किनारे सुरक्षा दीवार एवं डामरीकरण आदि कार्य नहीं कराए गए हैं। इस बीच बारिश में सड़क पर जगह-जगह भूस्खलन होने के कारण बीते दो माह से यातायात ठप पड़ा है। बायणा के क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेश सेमवाल ने बताया कि वाहनों की आवाजाही नहीं होने से बीमार लोगों को अस्पताल तक लाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से बार-बार मांग करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे ग्रामीणों में रोष है। अब उन्होंने डीएम को पत्र लिखकर शीघ्र सड़क के अधूरे निर्माण पूरे कराने व मलबा साफ कराकर वाहनों की आवाजाही लायक सड़क तैयार करवाने की मांग की है। डीएम डा. आशीष चौहान ने अभी तक सड़क का काम पूरा नहीं होने और सड़क अवरुद्ध होने पर नाराजगी जताते हुए मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।