उत्तरकाशी। डीएम डा. आशीष चौहान ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा पूर्व तैयारियां चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। डीएम ने बैठक से नदारद जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी, एनएच के अधिशासी अभियंता और बीएसएनएल के एसडीओ का जवाब-तलब किया।
मंगलवार को हुई बैठक में डीएम ने कहा कि बरसात के दौरान सड़क अवरुद्ध होने पर तत्काल यातायात बहाल किया जा सके इसके लिए डेंजर जोन वाले हिस्सों में मशीनें रखी जाएं। मशीनों पर जीपीएस चिप लगाई जाए, ताकि उनके लोकेशन पर नजर रखी जा सके। यात्रा पड़ावों की दुकानों रेट लिस्ट चस्पा की जाए, ताकि यात्रियों से मनमाने दाम वसूलने की स्थिति न बने। उन्होंने कहा जिन स्थानों पर ट्राली से आवाजाही हो रही है, वहां पीआरडी के जवान तैनात किए जाएं। जिला पूर्ति अधिकारी को दूरस्थ क्षेत्रों में एडवांस राशन पहुंचाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी ददन पाल, एसडीएम देवेंद्र नेगी, आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल मौजूद रहे।