उत्तरकाशी। हिटाणू नहर की मरम्मत नहीं होने के कारण क्षेत्र में गेहूं की फसल बर्बाद होने के बाद अब धान की रोपाई भी खटाई में पड़ गई है। इससे गुस्साए किसानों ने डीएम को पत्र भेजकर शीघ्र नहर दुरुस्त नहीं कराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
डीएम को लिखे पत्र में हिटाणू, पुजारगांव, गवाणा, भालसी, उदालका आदि गांवों के ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र के खेतों की सिंचाई व्यवस्था हिटाणू नहर पर निर्भर है। बीते एक साल से नहर की सफाई नहीं हुई और नहर का हेड भी क्षतिग्रस्त पड़ा है। अब किसानों ने किसी तरह धान की नर्सरी तो तैयार की है, लेकिन नहर पर पानी नहीं चलने से रोपाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने डीएम से शीघ्र नहर की मरम्मत कराकर खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में दीपक सिंह, भूदेव नौटियाल, नितेश पंवार, उदय सिंह, धर्मेंद्र सिंह, मातबर सिंह, पवन नौटियाल, हरी सिंह रावत, सुरेंद्र पंवार, भरत सिंह, नरेंद्र पंवार, बुद्धि लाल आदि शामिल हैं।