उत्तरकाशी। प्रशासन की ओर से की गई जांच में गंगोत्री हाईवे के किनारे बनी सब्जी मंडी अवैध होने की पुष्टि होने से अब इसका हटना तय हो गया है। हालांकि हटाने से पहले प्रशासन सब्जी मंडी समेत विश्वनाथ चौक से हटाए गए व्यापारियों के लिए नगर अथवा इससे सटे इलाकों में स्थायी व्यवस्था करेगा। सब्जी मंडी में कायदे कानूनों को ताक पर रखकर सब्जी व्यापारियों से दुकान के नाम पर पैसे लेने के मामले में प्रशासन विधिक राय लेकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है।
डीएम डा. आशीष चौहान की अध्यक्षता में व्यापारियों एवं अधिकारियों के बीच चली बैठक में लिए गए निर्णयों पर सभी पक्षों ने सहमति जताई। बैठक में पालिका के प्रशासक ओसी कलक्ट्रेट अनुराग आर्य ने सब्जी मंडी को लेकर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि सरकारी जमीन पर चल रही सब्जी मंडी अतिक्रमण में है। इसलिए इसे हटाया जाएगा।
बैठक में निर्णय हुआ कि सब्जी मंडी का अतिक्रमण हटाने से पूर्व सब्जी मंडी समेत विश्वनाथ चौक से हटाए गए व्यापारियों के लिए पालिका क्षेत्र में जगह चयनित कर स्थायी व्यवस्था की जाएगी। विश्वनाथ चौक क्षेत्र में 26 और सब्जी मंडी में 51 व्यापारियों ने अपने कारोबार का दावा किया है। डीएम ने मामले के अनुश्रवण के लिए एडीएम, ओसी कलक्ट्रेट और एसडीएम भटवाड़ी की एक कमेटी गठित की है। बैठक में सुभाष बडोनी, अमरीकन पुरी, सुरेंद्र चौहान, राजेंद्र पंवार, रमेश सेमवाल, हरीश डंगवाल एवं प्रभावित व्यापारी मौजूद रहे। वहीं डीएम ने बताया कि अनुश्रवण समिति को जल्द मामले में सभी पक्षों से बातचीत कर समाधान तलाशने के निर्देश दिए गए हैं।