उत्तरकाशी। डुंडा ब्लाक के अस्तल गांव के पास सोमवार को गंगा भागीरथी में नहाते समय एक छात्रा नदी के तेज बहाव में बह गई। देर रात इसकी सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और आईटीबीपी की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। समाचार लिखे जाने तक लड़की का कुछ पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अस्तल गांव निवासी राकेश भट्ट की 12 वर्षीय बेटी तनिष्का पास के भखड़ा गांव स्थित स्कूल में पढ़ती है। सोमवार को वह घर से स्कूल गई थी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह दोपहर तीन बजे भखड़ा गांव में ही ट्यूशन पढ़ने जाती थी। इस वजह से स्कूल की छुट्टी के बाद वह भखड़ा गांव में अपने मामा के घर चली गई। यहां से वह ममेरे भाइयों के साथ पास ही गंगा भागीरथी में नहाने चली गई, तभी पैर फिसलने के कारण वह नदी के तेज बहाव में बह गई। साथ गए ममेरे भाई डर गए और उन्होंने घर लौटकर किसी को कुछ नहीं बताया। रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन की और ननिहाल जाकर बच्चों से पूछा, तब उन्होंने तनिष्का के नदी में बहने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और आईटीबीपी की टीम ने मौके पर पहुंचकर देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया। मंगलवार सुबह से भी यह टीम लड़की की तलाश में नदी को खंगालने में जुटी हुई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। तनिष्का तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी।