उत्तरकाशी। यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में इस सीजन में बृहस्पतिवार को सर्वाधिक 16,254 तीर्थयात्री पहुंचे। अभी तक कुल 2,53,824 तीर्थयात्री दोनों धामों में दर्शन कर चुके हैं।
बृहस्पतिवार को खिली धूप के साथ खुशगवार हुए मौसम में बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों ने यमुनोत्री और गंगोत्री धाम का रुख किया। 8,870 तीर्थयात्री यमुनोत्री और 7,384 यात्री गंगोत्री धाम पहुंचे। इन दोनों धामों के कपाट खुलने के बाद से अभी तक 1,27,556 तीर्थयात्री यमुनोत्री और 1,26,268 यात्री गंगोत्री धाम की यात्रा कर चुके हैं। मई आखिरी सप्ताह में स्कूलों में अवकाश घोषित होने और मैदानी इलाकों में गर्मी का प्रकोप बढ़ने पर यात्रा और तेजी पकड़ेगी। बता दें कि अभी तक वर्ष 2011 में सर्वाधिक 4,67,502 यात्रा यमुनोत्री और 4,79,757 यात्री गंगोत्री धाम पहुंचे थे। आपदा के बाद यात्रा के पुन: पटरी पर लौटने और देश-विदेश से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से तीर्थ पुरोहितों और यात्रा कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।