चिन्यालीसौड़। पालिका क्षेत्र में बीते कुछ दिन से नियमित विद्युत आपूर्ति नहीं होने पर लोगों में रोष है। आक्रोशित लोगों ने मंगलवार देर शाम ऊर्जा निगम में प्रदर्शन कर बिजली व्यवस्था सुचारु करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पालिका के वार्ड संख्या 5, 6 एवं 7 में विगत 12 मई से विद्युत व्यवस्था बदहाल पड़ी है, जिसे ठीक करने के बदले विभागीय कर्मचारी वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं। अनियमित विद्युत आपूर्ति होने के साथ ही लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे रोजमर्रा के कार्य प्रभावित होने सहित विद्युत उपकरणों के खराब होने का डर भी बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने जल्द ही विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं होने पर विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। विरोध जताने वालों में राजपाल परमार, अनिल रमोला, नागेंद्र बिष्ट, राजवीर राणा, गोपाल रावत आदि मौजूद रहे।