उत्तरकाशी। पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग को लेकर कर्मचारी संगठन मुखर होने लगे हैं। विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने संयुक्त समन्वय मंच बनाकर अब आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। 23 मई को मंच के बैनरतले कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
सोमवार देर शाम विकास भवन सभागार में विभिन्न कर्मचारी संगठनों की बैठक हुई। कर्मचारियों ने वर्ष 2005 के बाद भर्ती कर्मचारियों को पेंशन योजना का लाभ नहीं मिलने पर रोष जताया। उन्होंने सरकार से पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की। इसके लिए आंदोलन की रणनीति पर चर्चा करने के साथ ही संयुक्त समन्वय मंच का गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से गोपाल राणा संयोजक, नत्थी सिंह रावत सह संयोजक तथा राकेश कोहली और जयप्रकाश बिजल्वाण सचिव चुने गए। बैठक में चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया गया। बैठक में अजय रावत, दिवाकर पैन्यूली, मनोज परमार, रामगोपाल पंवार, धमेंद्र बिष्ट, शंभू प्रसाद भट्ट, रुकम सिंह नेगी, सोबन सिंह भंडारी आदि तमाम कर्मचारी नेता मौजूद रहे।