उत्तरकाशी। शुरूआती यात्रा सीजन में सामने आई दिक्कतों को देखते हुए डीएम डा. आशीष चौहान ने अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने नोडल अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर साइन बोर्ड लगवाने को कहा। डीएम ने बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के जवाब-तलब करने के आदेश दिए।
डीएम ने ओजरी डबरकोट भूस्खलन वाले हिस्से में दोनों ओर लाइट लगवाने व स्यानाचट्टी में शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जल संस्थान के ईई को एक हफ्ते के भीतर गंगोत्री में सभी एसटीपी लाइन से कनेक्शन जोड़ने को कहा। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी तथा गंगा प्रदूषण एवं पालिका के अधिशासी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर डीएम ने इन अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि के लिए इनसे स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए। बैठक में एसपी ददन पाल, सीडीओ विनीत कुमार, एडीएम पीएल शाह, एसडीएम देवेंद्र नेगी एवं पीएस राणा, बीआरओ के ओसी सत्यजीत मोहंती, जल संस्थान के ईई बीएस डोगरा, सीवीओ प्रलंयकर नाथ, जिला पूर्ति अधिकारी गोपाल मटूड़ा आदि मौजूद थे।