उत्तरकाशी। देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को चारधाम यात्रा सुगम और सुरक्षित होने का संदेश देने तथा जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइक्लिंग इवेंट का आयोजन किया गया। पर्यटन विभाग एवं एमटीबी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शुक्रवार को हर्षिल से गंगोत्री तक साइक्लिंग रैली निकाली गई।
शुक्रवार को हर्षिल से गंगोत्री मंदिर के सचिव सुरेश सेमवाल एवं एसडीएम भटवाड़ी देवेंद्र नेगी ने फ्लैग ऑफ कर साइकिल रैली को रवाना किया। डीएम स्वयं रैली का नेतृत्व करते हुए साइकिल चलाकर जांगला तक गए। साइक्लिंग इवेंट में शामिल होने के बाद डीएम डा. आशीष चौहान ने जांगला से मुखबा तक पैदल ट्रैक का निरीक्षण किया। डीएम ने मार्ग को दुरुस्त कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। यह रैली गंगोत्री धाम में संपन्न हुई। परशुराम, नकुल, रोहित निर्मल, पूर्णिमा एवं प्रियांशी सबसे पहले गंगोत्री पहुंचे। इस मौके पर जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश खत्री, युवा कल्याण अधिकारी विजय प्रताप भंडारी, ईई आरएस खत्री, कनिष्ठ उपप्रमुख संजय पंवार, विक्रम राणा, दिनेश भट्ट, सुरेंद्र पुरी, आरएस कालाकोटी, मोहित उभान आदि मौजूद रहे।