उत्तरकाशी। ग्रीष्मकाल में होने वाले पेयजल संकट से निपटने के लिए जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान की ओर से जलसंस्थान एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। डीएम ने आवासीय एवं वन क्षेत्रों में पेयजल संकट के कारण जनता व वन्यजीवों को होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के आदेश दिए।
सोमवार को जिलाधिकारी ने जलसंस्थान एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर ठोस योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से पानी की समस्या वाले अति संवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित कर एक रिपोर्ट तैयार करने को कहा। उन्होंने जलसंस्थान से पेयजल लाइनों, ओवर हेड टैंकों तथा पानी के टैंकरों की स्थिति का जायजा लेकर पूर्ण रूप से तैयारी करने के आदेश दिए। वहीं, वन विभाग से जंगल के भीतर छोटे-छोटे तालाब तैयार कराकर उन्हें पानी से भरने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी पीएल शाह, एसडीएम भटवाड़ी देवेंद्र नेगी, अधिशासी अभियंता जल संस्थान बीएस डोगरा, एसडीओ वन विभाग आरपी सिंह आदि मौजूद थे।