बड़कोट। नौगांव ब्लॉक की ग्राम पंचायत पौंटी में हुए निर्माण कार्यों एवं जॉब कार्ड संबंधी अनियमितताओं पर जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। क्षेत्र के पूरणचंद की ओर से की गई शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई है। ग्रामीण ने सूचना के अधिकार से प्राप्त जानकारी के बाद ग्राम प्रधान एवं ब्लॉक कर्मचारियों पर करीब 35 लाख रुपये के 20 कार्यों एवं जॉब कार्ड आवंटन पर हेरफेर करने का आरोप लगाया।
पौंटी ग्राम पंचायत के ग्रामीण पूरणचंद ने सूचना के अधिकार में क्षेत्र में हुए निर्माण कार्यों एवं जॉब कार्ड आवंटन की जानकारी मांगी थी, जिसमें दिखाए गए 20 कार्यों में से कोई भी कार्य धरातल पर नहीं हुआ था। वहीं, जरूरतमंदों को छोड़ फर्जी लोगों को जॉब कार्ड आवंटित करने की भी बात सामने आई थी। इसके बाद पूरणचंद ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र देकर प्रधान एवं ब्लॉक अधिकारियों पर करीब 35 लाख से अधिक के सरकारी धन की बर्बादी एवं फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगाया था। इसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने एसडीएम को मामले की जांच करने के आदेश दे दिए हैं।