उत्तरकाशी। श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम की पहल पर बाल अधिकार एवं सुरक्षा विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। डीएम डा. आशीष चौहान ने ग्राम पंचायत स्तर पर पुस्तकालय एवं खेल मैदान बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।
बृहस्पतिवार को जिला बाल सुरक्षा, बाल कल्याण, विशेष पुलिस इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन समिति के पदाधिकारियों की कार्यशाला हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने पंचायतराज अधिकारी को ग्राम प्रधानों की सहभागिता से प्रत्येक ग्राम पंचायत में पुस्तकालय एवं खेल मैदान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाने को कहा। इस मौके पर एसबीएमए के परियोजना प्रबंधक गोपाल थपलियाल ने चाइल्ड हेल्प लाइन के कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी आर्य, सहायक समाज कल्याण अधिकारी गोपाल राणा, पंचायत राज अधिकारी चमन सिंह राठौर, समन्वयक अजय पंवार, दीपक उप्पल आदि मौजूद रहे।