बड़कोट। उत्तराखंड में साक्षर भारत कार्यक्रम बंद किए जाने से बेरोजगार हुए शिक्षा प्रेरकों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने शीघ्र कार्यक्रम की अवधि बढ़ाने अथवा शिक्षा प्रेरकों को राज्य सरकार की किसी अन्य योजना में समायोजित करने की मांग की।
मंगलवार को बड़ी संख्या में शिक्षा प्रेरक तहसील मुख्यालय बड़कोट में एकत्र हुए। यहां उन्होंने प्रदर्शन कर राज्य सरकार का पुतला फूंका। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड में साक्षर भारत कार्यक्रम बंद किए जाने से हजारों शिक्षा प्रेरक एवं अन्य कार्मिकों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। सात साल की सेवाओं के बाद अब वे बेरोजगारी का संकट झेलने को मजबूर हैं। इस मौके पर राजवीर रावत, शिल्पी, राकेश कुमार, सकल चंद, बालकृष्ण खंडूड़ी, किरन बेलवाल, चैन सिंह, राधेश्याम, रामचंद्र, दीवान सिंह आदि मौजूद रहे।