चिन्यालीसौड़। चमियारी-उलण सड़क निर्माण सहित 11 सूत्री मांगों को लेकर तिलपड़ में ग्रामीणों का क्रमिक अनशन 33वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान शासन-प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने 26 फरवरी से आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
वर्षों से लंबित मांगों को लेकर क्षेत्र के ग्रामीण बीते 33 दिन से तिलपड़ में क्रमिक अनशन पर बैठे हैं। क्रमिक अनशन करने वालों में क्षेत्र के बड़े बुजुर्ग शामिल हैं। इस दौरान दो आंदोलनकारियों की तबियत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की नौबत भी आ चुकी है। आंदोलनकारी शिवशंकर पैन्यूली ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक सहित डीएम एवं एसडीएम ने भी ग्रामीणों को आश्वासन तो दिया, लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं हुई। जिससे ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र ही आश्वासन के अनुरूप कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण 26 फरवरी के बाद आंदोलन तेज करेंगे। आंदोलन के अगले चरण में संबंधित विभागों के दफ्तरों पर तालाबंदी करने के साथ ही बेमियादी भूख हड़ताल भी शुरू की जाएगी। रविवार को रामव्यास मिश्रा, नरेश मिश्रा, तारा दत्त बिजल्वाण, सुंदर लाल, गणेश, अजय पाल, बुद्धिराम, जयप्रकाश, शिव सिंह आदि क्रमिक अनशन में शामिल हुए।