चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय दिल्ली के सैन्य अधिकारियों के 17 सदस्यीय दल ने ग्राम पंचायत बड़ी मणी का दौरा किया। जिला प्रशासन की अगुवाई में पहुंचे भारतीय सेना सहित ब्राजील, बंगलादेश, तंजानिया आदि देशों के सैन्य अधिकारियों ने गांव के आर्थिक व सामाजिक हालातों का जायजा लेने के साथ ही ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं पर जानकारी ली।
बृहस्पतिवार को रक्षा मंत्रालय की योजना के तहत रक्षा महाविद्यालय की टीम अध्ययन भ्रमण के लिए चिन्यालीसौड़ पहुंची। हवाई अड्डे से टीम के सदस्य प्रशासन की अगुवाई में बड़ी माणी गांव पहुंचें। भ्रमण टीम में टूर कमांडर एनएस सत्यनारायण, ब्रिगेडियर एस सज्जनहार, केएस राजकुमार, एयर कमांडर डी वैधाजना, उपर जिलाधिकारी पीएल शाह, एसडीएम सौरभ असवाल आदि मौजूद थे।
प्रधान पूनम रमोला, भाजपा मंडल अध्यक्ष शीशपाल रमोला ने सिंचाई व जंगली जानवरों से बर्बाद हो रही खेतीबाड़ी के बारे में बताया। वहीं, सैन्य अधिकारियों ने कहा की भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की सामाजिक, आर्थिक स्थिति सहित सरकारी योजनाओं के हालात का जायजा लेना है। इस पर एक रिपोर्ट तैयार कर केंद्र सरकार को सौंपी जाएगी।