उत्तरकाशी। पालिका विस्तार के विरोध में ग्रामीणों का धरना आंदोलन चौथे दिन भी जारी रहा। गांव बचाओ आंदोलन को मजबूत करने के लिए गांव जोड़ो अभियान शुरू किया गया, जिसके तहत जसपुर क्षेत्र में जनसंपर्क यात्रा कर ग्रामीणों से समर्थन लिया गया। इस बीच आंदोलनकारियों ने सरकार के खिलाफ कानूनी लड़ाई की तैयारी शुरू कर दी है।
पालिका विस्तार के विरोध में बृहस्पतिवार को कंसैंण, लदाड़ी, डांग, जोशियाड़ा आदि गांवों के लोग धरने पर बैठे। कंसैण के प्रधान किशोर बिष्ट ने कहा कि जिस तरह से सरकार गांवों को पालिका में मिलाने पर जुटी है, उससे अन्य गांवों का भविष्य भी सुरक्षित नहीं है। इसलिए गांवों का अस्तित्व बचाने के लिए गांव जोड़ों अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत बाड़ाहाट, बरसाली एवं बाड़ागड्डी पट्टी के गांवों में जनसंपर्क यात्राएं कर वहां के ग्रामीणों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा। लदाड़ी की प्रधान बीना पंवार ने कहा कि जन आंदोलन के साथ ही मामले में कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी। धरना देने वालों में रजनी नाथ, रोशनी देवी, मंजू देवी, बसुदेई, मीना देवी, समली देवी, भारती देवी, प्यारदेई, रुकमा देवी, वीर सिंह महर, भगवान सिंह, सुंदर गुसाईं, नागेंद्र जगूड़ी आदि शामिल रहे।