पुरोला (उत्तरकाशी)। गोविंद पशु विहार क्षेत्र में लापता ढाटमीर के तीन भेड़पालकों का तीसरे दिन भी कुछ पता नहीं चल पाया है। इनकी खोज में पुष्टहारा बुग्याला की ओर गई एसडीआरएफ की टीम भी आधे रास्ते से लौट आई। मौसम ने साथ दिया तो बृहस्पतिवार को पुन: टीम मौके की ओर जाएगी।
सोमवार को जंगलों में खोए भेड़-बकरियों की खोज में जंगल की ओर गए ढाटमीर गांव के पांच युवकों में से दो तो शाम को ही लौट आए, लेकिन शेष तीन जगमोहन सिंह (33) पुत्र किताब सिंह, रामध्यान (22) पुत्र विशन सिंह एवं कृतम दास (29) पुत्र स्याबू दास पुष्टहारा बुग्याल की ओर निकल गए थे। रात तक उनके घर न लौटने पर ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रशासन को इसकी सूचना दी। प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू टीम गठित कर पुष्टहारा बुग्याल की ओर रवाना की।
मंगलवार को क्षेत्र में भारी बर्फबारी के चलते खोज अभियान नहीं चलाया जा सका। बुधवार को मौसम खुलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और एसडीआरएफ की टीम मौके की ओर रवाना हुई, लेकिन बर्फ से ढके रास्तों को पार कर पुष्टहारा बुग्याल तक नहीं पहुंच सकी। शाम को अंधेरा घिरने पर सभी लोग तालुका लौट आए हैं। एसडीएम शैलेंद्र नेगी ने बताया कि लापता भेड़पालकों की ढूंढ के लिए एसडीआरएफ एवं राजस्व की टीमों को पुष्टहारा बुग्याल की ओर भेजा गया है। अभी तक उनका कुछ पता नहीं चला है। बृहस्पतिवार को दोबारा रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।